खैरागढ़। गांव की किसान खबरें
ग्राम पंचायत जुरला कला के वार्ड क्रमांक 1 एवं 2 के अनुसूचित जाति वर्ग के ग्रामीणों ने स्वीकृत जैतखाम निर्माण कार्य में बाधा उत्पन्न किए जाने का आरोप लगाते हुए प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। गुरुवार को करीब 25 से 30 ग्रामीण अपनी शिकायत और मांगों को लेकर सुबह एसडीएम कार्यालय पहुंचे। ग्रामीणों का कहना है कि शाम 5 बजे तक एसडीएम ने कार्यालय नहीं पहुंचने के कारण उनकी सुनवाई नहीं हो सकी। इससे नाराज ग्रामीणों ने कार्यालय के दरवाजे पर शांतिपूर्ण तरीके से बैठकर अपनी मांगों को लेकर इंतजार किया।
स्वीकृत जैतखाम निर्माण का विरोध करने का आरोप
ग्रामीणों के अनुसार वार्ड क्रमांक 1 में सतनाम भवन के सामने, नासिर अहमद के तालाब के पास खसरा नंबर 321/3 की शासकीय भूमि पर जैतखाम निर्माण कार्य स्वीकृत किया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि वार्ड के लोग निर्माण कार्य के पक्ष में हैं, लेकिन दूसरे वार्ड के निवासी जागेश्वर साहू एवं दुमन साहू द्वारा कथित रूप से विरोध कर निर्माण कार्य में बाधा डालने और काम रुकवाने का प्रयास किया जा रहा है।
जातिगत अपमान एवं धमकी देने की शिकायत
ग्रामीणों ने कलेक्टर को सौंपे गए आवेदन में आरोप लगाया है कि संबंधित दोनों व्यक्ति वार्ड के विकास कार्यों में लगातार हस्तक्षेप करते हैं, जिससे गांव में विवाद की स्थिति निर्मित हो रही है। साथ ही अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों को जातिगत आधार पर अपमानित करने, डराने-धमकाने एवं मानसिक रूप से प्रताड़ित करने की शिकायत भी की गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
सुबह से शाम तक करते रहे इंतजार
ग्रामीणों के अनुसार उन्हें एसडीएम कार्यालय में पेशी के लिए उपस्थित होने की बात कही गई थी। इसी के तहत 25 से 30 ग्रामीण निर्धारित समय पर सुबह 10 बजे कार्यालय पहुंच गए थे। लेकिन शाम 5 बजे तक एसडीएम ने नहीं पहुंचने के कारण उनकी समस्या पर सुनवाई नहीं हो पाई। दिनभर इंतजार करने के बाद ग्रामीणों ने नाराजगी जाहिर करते हुए प्रशासन से शीघ्र सुनवाई और न्याय दिलाने की मांग की।
पुलिस सुरक्षा में जैतखाम निर्माण कराने की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि वार्ड क्रमांक 1 के विकास कार्यों में अनावश्यक हस्तक्षेप रोका जाए तथा स्वीकृत जैतखाम निर्माण कार्य को पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराकर प्रारंभ कराया जाए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार का विवाद या अप्रिय स्थिति निर्मित न हो। इस संबंध में ग्रामीणों ने कलेक्टर को शिकायत सौंपने के साथ ही शिकायत की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री, एसडीएम, पुलिस अधीक्षक एवं तहसीलदार को भी भेजी है।
इस दौरान भोजराज, सालीराम, लछमन, टोमन, धनराज, भोलाराम, राकेश, मुकेश, संतराम एवं संतोष बंजारे सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
https://youtu.be/Ij6EDuXLxSs?si=iobCO423sERedWUY
रिपोर्टिंग: मंदीप चौरे
खैरागढ़ ब्यूरो चीफ