खैरागढ़। गांव की किसान खबरें
राजकुमारी इंदिरा सिंह कला संगीत विश्वविद्यालय खैरागढ़ में 20 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और लोकजीवन की जीवंत झलक देखने को मिली। करमा, बैगा नृत्य, गौरा-गौरी और सुआ गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थितजनों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्व. राजा बीरेंद्र बहादुर, स्व. रानी पद्मावती एवं राजकुमारी इंदिरा सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित कर तथा अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। कुलपति प्रो. डॉ. लवली शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य जनजातीय संस्कृति और विरासत को संरक्षित करने के साथ नई पीढ़ी तक पहुंचाना रहा।
जनजातीय नायकों के योगदान को किया याद
कुलपति डॉ. लवली शर्मा ने अपने उद्बोधन में भगवान बिरसा मुंडा, तिलका मांझी, सिद्धो-कान्हू, चांद-भैरव, रानी दुर्गावती, टंट्या भील, वीर नारायण सिंह और वीर गुंडाधुर जैसे महान जनजातीय नायकों के अदम्य साहस एवं देश के प्रति योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि जनजातीय संस्कृति प्रकृति के साथ सह-अस्तित्व, सामूहिकता और पारंपरिक जीवन मूल्यों की अनूठी मिसाल है। इस विरासत को संरक्षित करना हम सभी की जिम्मेदारी है।
करमा और बैगा नृत्य ने बिखेरी लोकसंस्कृति की छटा
सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत मंडला करमा नृत्य एवं बैगा नृत्य से हुई। कलाकारों ने मांदर, ढोल और पारंपरिक वाद्ययंत्रों की थाप पर शानदार प्रस्तुतियां दीं। करमा नृत्य में गोंड जनजातीय परंपरा की झलक देखने को मिली, वहीं बैगा नृत्य की पारंपरिक वेशभूषा, आभूषण और चटकोला ने दर्शकों को आकर्षित किया।
इसके बाद विद्यार्थियों ने छत्तीसगढ़ के पारंपरिक गौरा-गौरी गीतों की प्रस्तुति देकर शिव-पार्वती से जुड़ी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत किया। वहीं सुआ गीतों की मधुर धुन और सामूहिक गायन ने कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ी लोकसंस्कृति की मिठास घोल दी।
जनजातीय कला एवं हस्तशिल्प प्रदर्शनी बनी आकर्षण
कार्यक्रम में जनजातीय कला एवं हस्तशिल्प पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई गई। इसमें गोंडी एवं भील चित्रकला, पिथोरा कला, बांस शिल्प और पारंपरिक हस्तशिल्प के माध्यम से जनजातीय समाज की कलात्मक विरासत प्रदर्शित की गई। अतिथियों एवं उपस्थितजनों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर कलाकारों की कला की सराहना की।
लोकसंगीत विभाग ने संभाली सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की जिम्मेदारी
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का निर्देशन लोकसंगीत विभाग की सहायक प्राध्यापक डॉ. दीपशिखा पटेल ने किया। कार्यक्रम में विभाग के विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं संगतकारों ने सहभागिता निभाई। गायन पक्ष में डॉ. विद्या सिंह राठौर एवं डॉ. परमानंद पांडेय ने योगदान दिया। वहीं वादन पक्ष में डॉ. राजकुमार पटेल, डॉ. बिहारी लाल तारम, डॉ. नत्थू लाल तोड़े, रामचंद्र सर्पे, सुखराम साहू, कारण, योगेश्वर, सुनील सहित अन्य संगतकारों ने अपनी प्रस्तुति से कार्यक्रम को प्रभावशाली बनाया।
इस अवसर पर डॉ. देवमाईत मिंज (डीएसडब्ल्यू) ने कुलपति डॉ. लवली शर्मा का स्वागत किया, जबकि अधिष्ठाता कला संकाय प्रो. डॉ. राजन यादव का स्वागत संदीप किंडो ने किया। मुख्य वक्ता डॉ. देवमाईत मिंज ने जनजातीय संस्कृति के सामाजिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डाला। इसके पश्चात प्रो. डॉ. राजन यादव ने भी व्याख्यान दिया। कार्यक्रम का समापन आभार प्रदर्शन के साथ हुआ।