खेल और शिक्षा के माध्यम से युवा नशे की प्रवृत्ति से दूर रहकर, उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त करें - मधुसूदन यादव

Hemkumar Banjare
By -
राजनांदगांव। गांव की किसान खबरे
डोंगरगढ़ के सुदूर ग्रामीण अंचल क्षेत्र बोरतलाव के प्रतिभावान ताईक्वांडो खिलाड़ियों ने राजनांदगांव महापौर एवं पूर्व सांसद मधुसूदन यादव से सौजन्य भेंट की। इस दौरान खिलाड़ियों ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में अपनी उपलब्धियों की जानकारी देते हुए महापौर से बधाई एवं मार्गदर्शन प्राप्त किया। मुलाकात के दौरान जिला खेल संघ अध्यक्ष एवं भाजपा नेता विवेक मोनू भंडारी ने सभी खिलाड़ियों का परिचय कराते हुए महापौर को बताया कि ग्रामीण अंचल के युवाओं में खेल के प्रति लगातार उत्साह बढ़ रहा है। सीमित संसाधनों के बावजूद ये खिलाड़ी कड़ी मेहनत कर राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं और यदि इन खिलाड़ियों को उचित सुविधाएं और मार्गदर्शन मिलता रहा तो भविष्य में ये खिलाड़ी जिले के साथ-साथ प्रदेश और देश का भी नाम रोशन कर सकते हैं। महापौर मधुसूदन यादव ने भी खिलाड़ियों से चर्चा करते हुए उनके प्रशिक्षण, अभ्यास और प्रतियोगिताओं में भागीदारी के बारे में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं में खेल के प्रति बढ़ती रुचि की सराहना करते हुए कहा कि खेल और शिक्षा ही ऐसे माध्यम हैं जो युवाओं को नशे की बुरी प्रवृत्ति  से दूर रखकर उनके उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। खिलाड़ियों के कोच गौतम ने महापौर को अवगत कराया कि अभ्यास के लिए पर्याप्त मैट और किट की कमी के कारण कई बार खिलाड़ियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है तथा चोट लगने का खतरा भी बना रहता है। इस पर महापौर श्री यादव ने त्वरित रूप से खिलाड़ियों के लिए आवश्यक किट उपलब्ध कराने तथा जल्द ही अभ्यास के लिए मैट की व्यवस्था कराने की घोषणा की। उनकी इस घोषणा से खिलाड़ियों में उत्साह का माहौल देखा गया। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी इन ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ियों का एक दल राज्य के खेल मंत्री अरुण सॉव से मुलाकात कर चुका है, जहां उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की गई थी। बोरतलाव के खिलाड़ियों ने हाल ही में आयोजित विभिन्न राज्य स्तरीय ताईक्वांडो प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन किया है। इनमें स्कूल गेम्स राज्य स्तरीय ताईक्वांडो प्रतियोगिता (गौरला-पेंड्रा-मरवाही) तथा राज्य स्तरीय ओपन ताईक्वांडो चौंपियनशिप (रायपुर, जनवरी 2026) प्रमुख हैं, जिनमें खिलाड़ियों ने कई पदक जीतकर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। इन प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों में भविष्य मांडवी, राजेंद्र कवर, डी. हिमेश राव और रागिनी कवर ने गोल्ड मेडल प्राप्त किया, वहीं अलोक कवर, धर्मा कवर, कुशल यादव, राधिका यादव और वेदिका तोमर ने सिल्वर मेडल हासिल किया है। इसके अलावा भानुप्रताप मांडवी, दूज उइके, आदित्य कुमार, संदीप यादव, खुशबू सोरी, दुर्गेश्वरी वर्मा, हिना उज्वाने और देव यादव ने ब्रॉन्ज मेडल जीतकर अपने क्षेत्र का नाम रोशन किया है। खिलाड़ियों ने महापौर मधुसूदन यादव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग से खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं प्राप्त हो रहीं हैं, जिससे वे भविष्य में और अधिक मेहनत कर अपने जिले, प्रदेश और देश का नाम रोशन करने का प्रयास करेंगे।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!