संबंधितों के विरूद्ध की जाएगी कड़ी कार्रवाई

Hemkumar
By -
राजनांदगांव । गांव की किसान खबरें 
कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव के निर्देशानुसार जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के सुचारू संचालन एवं राशन की कालाबाजारी रोकने के लिए खाद्य विभाग द्वारा सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में आज छुरिया विकासखंड के ग्राम पाण्डेटोला में मां शीतला स्व-सहायता समूह द्वारा संचालित शासकीय उचित मूल्य दुकान में गंभीर अनियमितता पाए जाने पर बड़ी मात्रा में चावल जप्ती की कार्रवाई की गई।
खाद्य विभाग की टीम द्वारा जनपद सदस्य, पंचों एवं ग्राम पटेल की उपस्थिति में ग्राम पाण्डेटोला के शासकीय उचित मूल्य दुकान का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि दुकान के विक्रेता वीरेन्द्र साहू द्वारा माह फरवरी 2026 का 28 कट्टा चावल अवैध रूप से ग्राम के ही टीकेश्वर साहू के घर में छिपाकर रखा गया था। जांच के दौरान पाया गया कि नियमों का उल्लंघन करते हुए विक्रेता वीरेन्द्र साहू द्वारा टीकेश्वर साहू के घर से 4 कट्टा चावल का वितरण किया गया है।  साथ ही दुकान के भौतिक सत्यापन के दौरान ऑनलाइन रिकॉर्ड और मौके पर उपलब्ध स्टॉक में बड़ी मात्रा में अंतर पाया गया। ऑनलाइन रिकॉर्ड में 30 किलो चावल, 39 किलो शक्कर एवं 20 किलो नमक शेष दिख रहा था, जबकि मौके पर स्टॉक का मिलान करने पर विसंगती पाई गयी। इसके अतिरिक्त विक्रेता द्वारा संबंधित स्टॉक का डीओ भी जांच दल के समक्ष प्रस्तुत नहीं किया गया। पंचों की उपस्थिति में टीकेश्वर साहू के घर से शेष बचे 24 कट्टा (11.70 क्विंटल) चावल को जप्त किया गया। इस गंभीर अनियमितता एवं राशन की हेराफेरी के प्रकरण में संबंधितों के विरूद्ध छत्तीसगढ़ सार्वजनिक वितरण प्रणाली (नियंत्रण) आदेश 2016 के प्रावधानों के तहत वैधानिक कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!