आरंग विधानसभा क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश एवं बाढ़ की स्थिति को देखते हुए कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक गुरु खुशवंत साहेब जी लगातार प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं। इसी क्रम में उन्होंने नगर पंचायत समोदा के समीप स्थित ग्राम कागदेही पहुंचकर बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया तथा ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं एवं परिस्थितियों की जानकारी ली।
मंत्री गुरु खुशवंत साहेब जी ने प्रभावित परिवारों से संवाद करते हुए उन्हें भरोसा दिलाया कि संकट की इस घड़ी में शासन-प्रशासन उनके साथ खड़ा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति की जानकारी लेते हुए जरूरतमंद परिवारों तक राहत एवं आवश्यक सहायता तत्काल पहुंचाने के निर्देश दिए।
संकट की घड़ी में हर परिवार के साथ खड़ा हूं
निरीक्षण के दौरान मंत्री गुरु खुशवंत साहेब जी ने क्षेत्रवासियों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में बिना आवश्यकता घर से बाहर न निकलें और विशेष रूप से अपने बच्चों का ध्यान रखें। नदी, नाले, तालाब एवं जलभराव वाले स्थानों के पास जाने से बचें और प्रशासन द्वारा जारी आवश्यक दिशा-निर्देशों का पालन करें। मंत्री गुरु खुशवंत साहेब जी ने ग्रामीणों से कहा,किसी भी प्रकार की परेशानी या आवश्यकता हो तो तत्काल हमसे संपर्क करें। मैं आपका विधायक ही नहीं, आपका सेवक हूं। आपकी सेवा और सहायता के लिए सदैव तत्पर हूं।
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि होने का वास्तविक दायित्व जनता के सुख-दुख में साथ खड़ा होना है। बाढ़ एवं बारिश से उत्पन्न इस चुनौतीपूर्ण परिस्थिति में आरंग विधानसभा का कोई भी परिवार स्वयं को अकेला न समझे। जरूरतमंद लोगों तक राहत पहुंचाना और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना प्राथमिकता है।मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने अधिकारियों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों से भी कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखें और जहां भी सहायता की आवश्यकता हो, वहां बिना विलंब राहत एवं आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएं।