खैरागढ़ । गांव की किसान खबरें
कलेक्टर श्री इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत श्री प्रेम कुमार पटेल के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार जिला-खैरागढ़-छुईखदान-गण्डई में प्रत्येक माह की 7 तारीख को रोजगार दिवस, चावल महोत्सव के साथ-साथ “आवास दिवस” 221 ग्राम पंचायतों में आयोजन किया जाना है।इसी अनुक्रम में शासन के निर्देशानुसार 7 फरवरी 2026 को रोजगार दिवस के अवसर पर समस्त ग्राम पंचायत एवं मनरेगा कार्य स्थल में विकसित भारत-जी राम जी के प्रावधानों से ग्रामीणों का अवगत कराए जायेगा। ग्राम पंचायतों में चस्पा हुए QR कोड स्कैन कराते हुए श्रमिकों को जानकारी दी जाएगी। आजीविका डबरी निर्माण एवं जल संरक्षण कार्यों की विशेषता बताते हुए अधिक से अधिक योजना अंतर्गत लाभ लेने की जानकारी दी जायेगी।
इस नवाचारी पहल के तहत ग्रामीणों को रोजगार और आवास से जुड़ी सुविधाएं एक ही मंच पर उपलब्ध कराई जाएंगी। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने बताया गया है कि इस संयुक्त आयोजन का उद्देश्य ग्रामीणों को विकसित भारत-जी राम जी एवं प्रधानमंत्री आवास योजना की विस्तृत जानकारी देना तथा उनसे जुड़ी समस्याओं का तत्काल निराकरण सुनिश्चित करना है।
‘आवास दिवस’ के दौरान ग्राम पंचायत स्तर पर कई महत्वपूर्ण गतिविधियाँ संचालित की जाएंगी। इसमें पात्र हितग्राहियों की सूची का वाचन, नए स्वीकृत आवासों के प्रमाण पत्रों का वितरण तथा आवास निर्माण से जुड़ी तकनीकी व प्रशासनिक बाधाओं का समाधान शामिल है।विशेष रूप से ई-केवाईसी, लंबित किस्तों का भुगतान और 90 दिनों की अकुशल मजदूरी की राशि जैसे मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर मौके पर ही सुलझाया जाएगा। निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की सामग्री की कमी न हो, इसके लिए स्व-सहायता समूहों के माध्यम से ‘सामग्री बैंक’ की स्थापना की जाएगी, जहाँ सेंट्रिंग प्लेट, ईंट, रेत जैसी आवश्यक निर्माण सामग्री आसानी से उपलब्ध होगी।
सीईओ श्री पटेल ने बताया कि रोजगार दिवस और आवास दिवस के इस एकीकृत आयोजन से ग्रामीणों को अब दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। योजनाओं का लाभ तेजी और पारदर्शिता के साथ अंतिम व्यक्ति तक पहुँच सकेगा।