राष्ट्रीय बालिका दिवस पर ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ योजना अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

Hemkumar Banjare
By -
खैरागढ़ । गांव की किसान खबरें 
जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर बालिकाओं एवं छात्राओं को जागरूक करने हेतु विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री प्रीतराम खुटेल के निर्देशन में उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, धोधा खैरागढ़ में किया गया।

कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण हब एवं सखी वन स्टॉप सेंटर के सदस्यों द्वारा छात्र-छात्राओं को शासन द्वारा संचालित विभिन्न महिला एवं बाल हितैषी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। इस दौरान चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 एवं महिला हेल्पलाइन नंबर 181 की उपयोगिता बताते हुए आपात स्थिति में सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया से अवगत कराया गया।

सखी वन स्टॉप सेंटर की कार्यप्रणाली पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि पीड़ित महिलाओं को एक ही छत के नीचे आश्रय, परामर्श, विधिक सहायता, चिकित्सकीय सहायता एवं पुलिस सहायता जैसी पाँच प्रमुख सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाती हैं। इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री मातृत्व वंदन योजना, महतारी वंदन योजना, नोनी सुरक्षा योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, उज्ज्वला योजना, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना तथा बाल विवाह निषेध कानून की जानकारी भी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने, एनीमिया से बचाव, संतुलित एवं पौष्टिक आहार अपनाने तथा मासिक धर्म स्वच्छता के महत्व पर विशेष रूप से मार्गदर्शन दिया गया। साथ ही महिलाओं का उत्पीड़न अधिनियम-2013 की जानकारी देते हुए सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं एवं महिलाओं को सशक्त बनाते हुए उन्हें उनके अधिकारों एवं उपलब्ध सुविधाओं से परिचित कराना रहा। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। कार्यक्रम में लगभग 200 प्रतिभागियों की उपस्थिति रही।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!