जिले में आयुष विभाग के राष्ट्रीय कार्यक्रम आयुर्विद्या का विभिन्न स्कूलों में किया जा रहा आयोजन

Hemkumar Banjare
By -

राजनांदगांव । गाँव की किसान खबरें 
 
आयुष विभाग द्वारा राष्ट्रीय आयुष मिशन अन्तर्गत संचालनालय आयुष रायपुर के निर्देशन में आयुष विभाग के राष्ट्रीय कार्यक्रम आयुर्विद्या का जिले के विभिन्न स्कूलों में आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों में बचपन से आयुर्वेद के प्रति जागरूकता का बीज बोना है। गलत जीवन शैली एवं खानपान से उत्पन्न रोगों से बचाव करना है। इसके साथ किसी रोग की स्थिति में विद्यार्थियों की पहचान कर अपने अभिभावकों के साथ पास के आयुर्वेद संस्थाओं या उच्च केन्द्रों में उपचार हेतु भेजना है। विद्यालयों में कक्षा स्तर के अनुसार विभिन्न विषयों पर जागरूकता जैसे स्वच्छता, हस्तप्रक्षालन, दिनचर्या, पोषक आहार, आहार विधि, अच्छा आचरण, ऋतुचर्या, दैनिक जीवन में योग एवं व्यायाम का महत्व, मानसिक स्वास्थ्य, बालिकाओं में माहवारी, रक्ताल्पता, किशोरावस्था सम्बंधी समस्याएं, शारीरिक प्रकृति के विषय में सचेत करना है। इसके साथ आसपास पाये जाने वाले औषधीय, पेड़-पौधे जैसे नीम, ऑवला,जामुन, गिलोय, ऐलोवेरा, तुलसी, हरिद्रा आदि के उपयोग से परिचित कराना है, जिससे बच्चे इसे लगाने के लिए भी प्रेरित हो। जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. रमाकांत शर्मा के मार्गदर्शन में आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रज्ञा सक्सेना द्वारा जिले के शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय चिखली, शासकीय माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शंकरपुर, राजेश्वरी हायर सेकंडरी स्कूल चिखली, शासकीय माध्यमिक विद्यालय मिल चॉल, शासकीय माध्यमिक एवं प्राथमिक स्कूल गठुला, शिवशक्ति स्कूल चिखली में आयुर्विद्या कार्यक्रम का आयोजन किया गया है।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!