कभी PMO का अधिकारी, कभी आर्मी डॉक्टर... कम से कम 6 महिलाओं से शादी, ठगों के 'राजा बाबू' की पूरी कुंडली

Hemkumar Banjare
By -
नई दिल्ली वह कभी खुद को प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) का अधिकारी बताता। कभी गले में स्टेथोस्कोप लटका लेता और आर्मी डॉक्टर बन जाता। किसी के लिए वह न्यूरोसर्जन था, मगर वह असल में कौन है? ओडिशा पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) अब यही पता लगाने में जुटी है। इस शख्स को पहचान बदलकर कई लोगों को धोखा देने के मामलों में ओडिशा के जयपुर जिले के एक गांव से अरेस्ट किया गया। वह कश्मीर के कुपवाड़ा का रहने वाला है। उम्र 37 साल बताते हैं। नाम कई हैं- सैयद ईशान बुखारी, ईशान बुखारी, डॉक्टर ईशान बुखारी... इसके अलावा और भी। यह बंदा फर्जी डॉक्‍युमेंट्स बनाने में उस्‍ताद है। अपने शिकार को फंसाने के लिए वह पूरी शख्सियत ही बदल लेता था। नब्बे के दशक में आई गोविंदा की फिल्म 'राजा बाबू' तो आपको याद ही होगी। यह ठगों का 'राजा बाबू' है, हर तरह की पसैनैलिटी में ढल जाने मे माहिर। इस तरह उसने कई महिलाओं को अपने मोहपाश में फंसाया। अलग-अलग राज्‍यों की कम से कम छह महिलाओं से शादी की। STF के इंस्पेक्टर जनरल (IG) जे. एन. पंकज ने कहा कि आरोपी के कथित रूप से पाकिस्तान के कई लोगों से लिंक थे। केरल के कुछ संदिग्ध तत्वों से भी उसका राब्ता है। पुलिस को उसके पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी से कनेक्‍शन का कोई सबूत नहीं मिला। कारनामे सुनकर नटवरलाल भी दंग रह जाए! डॉक्टर के रूप में अपनी पहचान साबित करने के लिए उसने अमेरिका के टॉप Ivy League कॉलेजों में से एक, कॉर्नेल यूनिवर्सिटी का फर्जी मेडिकल डिग्री सर्टिफिकेट बनाया। उसके पास कैनेडियन हेल्‍थ सविर्सेज इंस्टीट्यूट और तमिलनाडु के वेल्लोर स्थित क्रिश्चियन मेडिकल कॉलेज का फर्जी सर्टिफिकेट भी है। लोगों को धोखा देने के लिए वह एक नई पहचान ही बना लेता था। इसके लिए वह फर्जी अंतरराष्ट्रीय डिग्री, एफिडेविट, बांड, एटीएम कार्ड, ब्लैंक चेक, आधार कार्ड और विजिटिंग कार्ड रखता था। एसटीएफ टीम ने जब गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की तो 100 से अधिक दस्तावेज और कई आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई। इस व्यक्ति ने उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, ओडिशा, कश्मीर आदि सहित देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाली कम से कम छह महिलाओं से शादी की। इसके अलावा भी कई महिलाओं के साथ रोमांटिक संबंध बनाए। वह कई वेबसाइटों और ऐप्स पर सक्रिय था। पुलिस ने कहा कि आरोपी के राष्ट्र-विरोधी तत्वों के साथ कुछ संबंध थे, लेकिन उसकी सटीक भूमिका की विस्तृत जांच की जरूरत है। बुखारी की तलाश कश्‍मीर पुलिस को भी लंबे समय से थी। वह धोखाधड़ी और जालसाजी के कई मामलों में वॉन्‍टेड है। उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट तक जारी किया गया था। अगस्‍त 2017 में हंदवाड़ा थाने की पुलिस ने बुखारी को पकड़ा था। तब उसपर आर्मी डॉक्‍टर और NASA का वैज्ञानिक बताकर लोगों को ठगने का आरोप लगा था। हंदवाड़ा पुलिस ने अपनी जांच में पाया था कि बुखारी ने 5 महिलाओं से शादी की थी। बाद में उनसे रुपये ऐंठकर छोड़ दिया। वह कई और महिलाओं को भी अपने जाल में फंसाने की तैयारी कर रहा था।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!