सामाजिक सेवा से बनाई पहचान, भाजपा के लिए मजबूत दावेदार के रूप में उभर रहा नाम
खैरागढ़। गांव की किसान खबरें
आगामी नगर पालिका चुनाव को लेकर भाजपा में संभावित प्रत्याशियों के नामों पर चर्चाएं तेज होने लगी हैं। इसी बीच वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता एवं सांसद प्रतिनिधि भागवत शरण सिंह की पत्नी शिवांगी सिंह नाम भी अध्यक्ष पद टिकट के प्रबल दावेदारों में सामने आ रहा है। उनके समर्थक पार्टी नेतृत्व से उन्हें प्रत्याशी बनाने की मांग कर रहे हैं। समर्थकों का मानना है कि सामाजिक कार्यों में सक्रियता, धार्मिक गतिविधियों से जुड़ाव और शहर के विभिन्न वार्डों में उनकी पहुंच उन्हें चुनाव में मजबूत विकल्प बना सकती है। मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों में भाजपा के लिए ऐसे चेहरे की तलाश अहम मानी जा रही है, जो जनता के बीच अपनी पहचान और स्वीकार्यता के दम पर पार्टी को मजबूती दे सके।
नदी सफाई से गौशाला संचालन तक सामाजिक सक्रियता
भागवत शरण सिंह की पहचान केवल राजनीतिक कार्यकर्ता के रूप में नहीं, बल्कि समाजसेवी के तौर पर भी रही है। निर्मल त्रिवेणी अभियान के माध्यम से नदी और घाटों की साफ-सफाई जैसे कार्यों में उनकी सक्रिय भागीदारी रही है। इसके साथ ही गौशाला के संचालन से जुड़कर वे धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों में भी योगदान देते रहे हैं। समर्थकों का कहना है कि उनकी सक्रियता समाज के विभिन्न वर्गों तक है और इसका लाभ भाजपा को मिल सकता है।
भाजपा के सामने जनस्वीकार्यता वाले चेहरे का चयन चुनौती
नगर पालिका चुनाव में भाजपा के सामने ऐसा प्रत्याशी चुनने की चुनौती होगी, जो संगठन के साथ-साथ आम जनता के बीच भी मजबूत पकड़ रखता हो। भागवत शरण सिंह के समर्थक उन्हें इसी कसौटी पर पार्टी के लिए बेहतर विकल्प बता रहे हैं। हालांकि, टिकट को लेकर अंतिम निर्णय भाजपा नेतृत्व को लेना है, लेकिन उनके नाम को लेकर जारी चर्चा ने स्थानीय राजनीतिक माहौल को गर्मा दिया है।