हर घर मुनगा-घर-घर मुनगा अभियान के तहत जनप्रतिनिधियों ने किया पौधरोपण

Hemkumar
By -
राजनांदगांव। गांव की किसान खबरें
 सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा छुरिया विकासखंड के ग्राम सोनवानीटोला स्थित आंगनबाड़ी केन्द्र में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और समग्र विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। इस अवसर पर जनपद पंचायत छुरिया के अध्यक्ष श्री संजय सिन्हा, ग्राम पंचायत के सरपंच श्री सुनील मंडावी सहित जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग की परियोजना अधिकारी श्रीमती मरकाम ने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं एवं बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व पर प्रकाश डाला। इस दौरान पोषण जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए स्थानीय पौष्टिक व्यंजनों की प्रदर्शनी एवं पोषण थाली का प्रदर्शन किया गया। महिलाओं को दैनिक आहार में पोषक तत्वों से भरपूर खाद्य पदार्थों को शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान मातृ संवाद का आयोजन कर माताओं को बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, देखभाल एवं स्वच्छता के संबंध में जागरूक किया गया। इस अवसर पर छोटे-छोटे बच्चों ने विभिन्न आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। मटका फोड़ सहित अन्य मनोरंजक गतिविधियों का भी आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं मितानिनों को उनके द्वारा महिला एवं बाल स्वास्थ्य तथा पोषण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर हर घर मुनगा-घर-घर मुनगा अभियान अंतर्गत उपस्थित जनप्रतिनिधियों द्वारा पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं पोषण संवर्धन का संदेश दिया गया। साथ ही मुनगा के पोषण संबंधी महत्व के प्रति ग्रामीणों को जागरूक किया गया। कार्यक्रम में ग्राम पटेल, ग्राम पंचायत के पंचगण, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, मितानिन एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!