खैरागढ़ । गांव की किसान खबरें
भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा ‘पड़ोस युवा संसद 2026-27’ के अंतर्गत ‘नशामुक्त युवा’ थीम पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। दिनांक 17 अक्टूबर 2026 को पीएमश्री डॉ. पदुमलाल पुन्नालाल बख्शी स्कूल के विज्ञान भवन परिसर में आयोजित कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग द्वारा विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए उन्हें नशे से दूर रहने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प दिलाया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री घम्मन साहू उपस्थित रहे। जिला पंचायत सदस्य श्री दिनेश साहू ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की वहीं विशेष अतिथि के रूप में भाजपा नेता श्री गोरेलाल वर्मा, रानी रश्मि देवी महाविद्यालय के प्राध्यापक श्री यशपाल जंघेल तथा समाज कल्याण विभाग से श्री विनोद वर्मा उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि श्री घम्मन साहू ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि समाज और परिवार के सर्वांगीण विकास के लिए नशामुक्त होना अत्यंत आवश्यक है। नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि परिवार की खुशहाली और समाज की प्रगति में भी बाधा उत्पन्न करता है। उन्होंने युवाओं से महापुरुषों के आदर्शों पर चलने, अच्छे संस्कारों को अपनाने तथा जीवन में सकारात्मक विचारों और अनुशासन को महत्व देने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक युवा को स्वयं नशे से दूर रहने के साथ ही दूसरों को भी नशामुक्त जीवन जीने के लिए प्रेरित करना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान समाज कल्याण विभाग के श्री विनोद वर्मा एवं रानी रश्मि देवी महाविद्यालय के प्राध्यापक श्री यशपाल जंघेल ने विद्यार्थियों को नशे के विभिन्न दुष्परिणामों और इससे बचाव के उपायों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नशे की लत व्यक्ति के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके पारिवारिक और सामाजिक जीवन को भी प्रभावित करती है। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे नशे से होने वाले नुकसान के प्रति अपने परिजनों और मित्रों को भी जागरूक करें ताकि समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में सामूहिक प्रयास किए जा सकें। वक्ताओं ने राष्ट्र को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से भारत सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जागरूकता अभियानों की जानकारी देते हुए नशे से प्रभावित लोगों तक इन अभियानों का लाभ पहुंचाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि श्री घम्मन साहू ने उपस्थित युवाओं को नशे से दूर रहने, दूसरों को इसके प्रति जागरूक करने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी जिम्मेदारी निभाने की शपथ दिलाई। इस अवसर पर जिला युवा अधिकारी श्री शुभजीत, स्वयंसेवक श्री टिकेंद्र वर्मा सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।