मां बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं हेतु रूट डायवर्जन, वन-वे और पार्किंग की व्यवस्था निर्धारित

Hemkumar
By -


राजनांदगांव। गांव की किसान खबरें 

क्वांर नवरात्रि पर्व के अवसर पर 11 अक्टूबर से 19 अक्टूबर 2026 तक डोंगरगढ़ स्थित मां बम्लेश्वरी मंदिर में दर्शन के लिए छत्तीसगढ़ सहित अन्य राज्यों से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए यातायात पुलिस राजनांदगांव ने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए विस्तृत ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। इसमें भारी वाहनों के डायवर्जन, पदयात्रियों के लिए निर्धारित मार्ग, वन-वे व्यवस्था तथा विभिन्न दिशाओं से आने वाले दर्शनार्थियों के लिए पार्किंग की व्यवस्था निर्धारित की गई है।

शहर में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित

नवरात्रि पर्व के दौरान राजनांदगांव शहर में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। दुर्ग, धमतरी एवं बालोद की ओर से आने वाले वाहन चालकों को गुण्डरदेही से अर्जुन्दा, सुरगी और हल्दी होते हुए राजनांदगांव बायपास मार्ग का उपयोग करने की सलाह दी गई है।

बालोद की ओर से आने वाले भारी वाहनों को मोहारा बायपास, खैरागढ़ की ओर से आने वाले वाहनों को गठुला तथा राष्ट्रीय राजमार्ग-53 से गुजरने वाले भारी वाहनों को ट्रांसपोर्ट नगर एवं सीआईटी बायपास की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वहीं, रायपुर से खैरागढ़ जाने वाले भारी वाहन रसमड़ा से गनियारी एवं नगपुरा होते हुए निर्धारित मार्ग से आवागमन करेंगे।

मां बम्लेश्वरी मंदिर में दर्शनार्थियों की सुविधा एवं सुगम यातायात के लिए यातायात पुलिस राजनांदगांव ने जारी की अपील

चिचोला से लालबहादुर नगर होते हुए डोंगरगढ़ की ओर भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे वाहनों को चिचोला से डायवर्ट किया जाएगा। राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर भीड़ बढ़ने की स्थिति में रायपुर की ओर से आने वाले वाहन चालक खुटेरी, भर्रेगांव, मोखला, सुरगी एवं हल्दी होते हुए राजनांदगांव बायपास तक पहुंचने वाले वैकल्पिक मार्ग का उपयोग कर सकेंगे।

पदयात्रियों के लिए निर्धारित मार्ग

पदयात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर अंजोरा से रामदरबार तक सड़क के दायीं ओर, नागपुर से रायपुर जाने की दिशा में, पदयात्रियों के लिए मार्ग आरक्षित रहेगा। इस दौरान वाहनों के आवागमन के लिए वन-वे व्यवस्था लागू रहेगी।

राजनांदगांव शहर के रामदरबार से अग्रवाल ट्रांसपोर्ट, टांकापारा मार्ग, वेसलियन स्कूल, पुराना रेस्ट हाउस रोड, बलदेव बाग रोड, बीएनसी मिल, संगम चौक तुलसीपुर, बख्तावर चाल गली, मोतीपुर अंडरब्रिज रेलवे क्रॉसिंग, नवागांव, लिटिया, सुकुल दैहान, मुसरा, बेलगांव एवं अछोली होते हुए डोंगरगढ़ तक पदयात्रा मार्ग निर्धारित किया गया है।

यातायात पुलिस ने सभी पदयात्रियों से निर्धारित मार्ग का ही उपयोग करने तथा राष्ट्रीय राजमार्ग पर विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

अलग-अलग दिशाओं से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग

राजनांदगांव की ओर से आने वाले श्रद्धालु: कार एवं मोटरसाइकिल से आने वाले दर्शनार्थी तुमड़ीबोड़ से मुरमुंदा, बधियाटोला होते हुए क्षीरपानी पहुंचकर क्षीरपानी एवं गुरुद्वारा पार्किंग स्थल पर वाहन खड़े कर सकेंगे। वापसी में मुरमुंदा से उरईडबरी मार्ग के माध्यम से राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहुंच सकेंगे।

नागपुर की ओर से आने वाले श्रद्धालु: छोटे वाहन चिचोला से लालबहादुर नगर एवं गाजमर्रा होते हुए डोंगरगढ़ पहुंचेंगे। इनके लिए पुराने नेहरू कॉलेज के पहले स्थित मैदान तथा गौशाला पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं।

खैरागढ़ की ओर से आने वाले श्रद्धालु: दर्शनार्थी निर्धारित हाई स्कूल पार्किंग एवं नेहरू कॉलेज के पास स्थित पार्किंग स्थल पर अपने वाहन खड़े करेंगे। वापसी के दौरान निर्धारित निकास मार्ग का उपयोग करना होगा।

बोरतलाव की ओर से आने वाले श्रद्धालु: चारपहिया वाहन पुराने नेहरू कॉलेज के पास तथा गौशाला पार्किंग स्थल पर पार्क किए जा सकेंगे। वहीं, दोपहिया वाहनों के लिए नगर पालिका पार्किंग स्थल निर्धारित किया गया है।

वापसी के लिए भी निर्धारित मार्ग का करें उपयोग

गुरुद्वारा एवं क्षीरपानी पार्किंग से लौटने वाले श्रद्धालु मुरमुंदा पहुंचकर उरईडबरी मार्ग से राष्ट्रीय राजमार्ग पर निकलेंगे। रायपुर की ओर जाने वाले वाहन चालक राष्ट्रीय राजमार्ग पर बायीं ओर तथा नागपुर की ओर जाने वाले वाहन चालक दायीं ओर के मार्ग का उपयोग करेंगे।

यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित दिशा में ही वाहन चलाने और सड़क पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़ा नहीं करने की अपील की है।

यातायात नियमों का पालन करने की अपील

यातायात पुलिस राजनांदगांव ने आम नागरिकों, श्रद्धालुओं एवं वाहन चालकों से अपील की है कि नवरात्रि के दौरान यातायात नियमों का पालन करें। राष्ट्रीय राजमार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही को देखते हुए सड़क पार करते समय एवं पैदल यात्रा के दौरान विशेष सावधानी बरतें।

दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करें और नशे की स्थिति में वाहन न चलाएं। निर्धारित डायवर्जन, पार्किंग एवं पदयात्रा मार्ग का पालन करें तथा यातायात पुलिस द्वारा लगाए गए संकेतकों, बैरिकेडिंग और निर्देशों का पालन करें।

पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति में ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल का सहयोग लें। पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या, यातायात के दबाव एवं सुरक्षा की स्थिति के अनुसार यातायात व्यवस्था में आवश्यक बदलाव भी किए जा सकते हैं।

यातायात पुलिस राजनांदगांव ने श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि निर्धारित मार्गों एवं पार्किंग व्यवस्था का पालन कर मां बम्लेश्वरी के दर्शन को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने में अपना योगदान दें।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!