खैरागढ़ । गांव की किसान खबरें
सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत जिले के विभिन्न स्कूलों में विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा, अभिव्यक्ति क्षमता और सामाजिक जागरूकता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से चित्रकला प्रदर्शनी एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। अभियान के तहत आयोजित गतिविधियों में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सेवा, समाज और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
भाषण प्रतियोगिता में जिले के स्कूलों से 4,913 विद्यार्थियों ने भाग लेकर अपने विचारों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों ने सेवा भावना, शिक्षा का महत्व, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक जिम्मेदारी, जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों पर अपने विचार रखे। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की सहभागिता ने इस गतिविधि को व्यापक स्वरूप दिया। विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास के साथ मंच पर अपनी बात रखते हुए अपनी अभिव्यक्ति क्षमता और विचारों की स्पष्टता का परिचय दिया।
इसी क्रम में स्कूलों में चित्रकला प्रतियोगिता एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने सेवा संकल्प अभियान की भावना से जुड़े विभिन्न विषयों पर आकर्षक चित्र बनाए। रंगों और कल्पनाशीलता के माध्यम से उन्होंने स्वच्छ एवं सुंदर समाज, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, सेवा और जनभागीदारी का संदेश दिया। स्कूल परिसरों में लगाए गए चित्रों की प्रदर्शनी विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों के आकर्षण का केंद्र बनी।
प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों का निर्धारित मापदंडों के आधार पर मूल्यांकन किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को विद्यालय स्तर पर पुरस्कृत एवं सम्मानित किया गया। विजेता एवं उत्कृष्ट प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र और प्रोत्साहन प्रदान कर उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया गया। साथ ही अन्य विद्यार्थियों का भी उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें आगामी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया।
सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इन गतिविधियों ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ सेवा, सामाजिक दायित्व और जनभागीदारी के महत्व को समझने का अवसर दिया। चित्रकला और भाषण जैसी रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूकता विकसित करने का प्रयास किया गया।