समय-सीमा बैठक में पर्यटन, स्वास्थ्य योजनाओं और राजस्व प्रकरणों की भी हुई समीक्षा

Hemkumar
By -
खैरागढ़ । गांव की किसान खबरें 
जिला कलेक्टोरेट में कलेक्टर श्री इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने समय-सीमा की बैठक में विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों तथा जनहित से जुड़े मुद्दों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि आम जनता से जुड़े मामलों में गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
         बैठक में कलेक्टर ने गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए जिले में पेयजल व्यवस्था की विशेष समीक्षा की। उन्होंने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यों की जानकारी लेते हुए कहा कि गर्मी के दिनों में कहीं भी पेयजल संकट की स्थिति नहीं बननी चाहिए। जिन क्षेत्रों में पेयजल की समस्या की आशंका है, वहां समय रहते आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही खराब हैंडपंपों की शीघ्र मरम्मत, जलस्रोतों के नियमित रखरखाव तथा वैकल्पिक पेयजल व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि गर्मी के दौरान आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें। विशेष रूप से पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य जनसुविधाओं को सुदृढ़ बनाए रखने पर प्राथमिकता से ध्यान दिया जाए।
           बैठक में जिले में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के संबंध में भी चर्चा की गई।कलेक्टर ने निर्देश दिए कि शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में चिन्हांकित होटलों को पर्यटन विभाग में अनिवार्य रूप से पंजीकृत कराया जाए, ताकि जिले में आने वाले पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और स्थानीय स्तर पर पर्यटन को बढ़ावा मिल सके। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान आयुष्मान कार्ड, आभा आईडी (ABHA ID) तथा वय वंदन कार्ड के निर्माण की प्रगति की जानकारी ली गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र हितग्राहियों के अधिक से अधिक कार्ड बनाए जाएं, ताकि उन्हें शासन की स्वास्थ्य योजनाओं का समुचित लाभ मिल सके।
       बैठक में प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के तहत सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने पर भी चर्चा की गई। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को अपने घरों में सौर पैनल लगाने के लिए प्रेरित किया तथा विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया कि वे अपने अधीनस्थ कर्मचारियों और कार्यालयों में भी सौर ऊर्जा के उपयोग को प्रोत्साहित करें। इसके अलावा राजस्व विभाग के नामांतरण, बंटवारा सहित अन्य लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने लंबित राजस्व मामलों के शीघ्र निराकरण के निर्देश देते हुए समय-सीमा से बाहर लंबित प्रकरणों पर नाराजगी व्यक्त की और संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रेम कुमार पटेल, अपर कलेक्टर श्री सुरेंद्र कुमार ठाकुर सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!