एकलव्य विद्यालय में शीघ्र विद्युत व्यवस्था के दिए निर्देश

Hemkumar
By -
मोहला ।  गांव की किसान खबरें 
कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में जिले के विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं विकास कार्यों की विभागवार विस्तृत समीक्षा की। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्रीमती भारती चंद्राकर, अपर कलेक्टर श्री जी.आर. मरकाम, अपर कलेक्टर श्री मिथलेश डोंडे, एसडीएम मोहला श्री हेमेंद्र भुआर्य, एसडीएम मानपुर श्री अमित नाथ योगी सहित सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
             नगर पंचायत अंबागढ़ चौकी अंतर्गत कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) की प्रगति की जानकारी ली। लक्ष्य, पूर्णता एवं पात्रता परीक्षण की समीक्षा करते हुए आवास निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। इसी प्रकार स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, विश्वकर्मा योजना तथा जल आवर्धन योजना की समीक्षा की। ग्रीष्म ऋतु को ध्यान में रखते हुए उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियों के साथ पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आदिवासी विकास विभाग की समीक्षा के दौरान वन अधिकार पत्र वितरण की स्थिति की जानकारी ली गई। छात्रावास एवं आश्रमों के निरीक्षण की समीक्षा करते हुए जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को निर्धारित तिथियों में निरीक्षण कर जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। मौके पर छात्रवृत्ति वितरण की समीक्षा के साथ एकलव्य विद्यालय की प्रगति की जानकारी लेते हुए विद्युत विभाग को अतिशीघ्र विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारी को स्वीकृत निर्माण कार्यों में तेजी लाकर शीघ्र पूर्ण करने को भी कहा।
         आयुष विभाग की समीक्षा में ओपीडी, राष्ट्रीय आयुष कार्यक्रम तथा जिला एवं विकासखंड स्तरीय आयुष शिविरों की प्रगति की जानकारी ली। सहकारिता विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिन ग्राम पंचायतों में पैक्स समिति का गठन नहीं हुआ है, उन्हें चिन्हांकित कर संबंधित विभागीय अधिकारी समन्वय के साथ समिति गठन हेतु कार्ययोजना तैयार करें, ताकि शेष ग्राम पंचायतों में भी शीघ्र समिति गठित की जा सके। कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने ई-ऑफिस की समीक्षा की। आभा आईडी की प्रगति की समीक्षा करते हुए स्वास्थ्य एवं महिला एवं बाल विकास विभाग को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। आधार आईडी निर्माण एवं वेरिफिकेशन की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए प्राप्त सूची के अनुसार शिविर आयोजित कर सत्यापन कार्य अति शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
           लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा के दौरान जल जीवन मिशन के कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई। बंद कार्यों की सूची प्रस्तुत कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। पेयजल विहीन आंगनबाड़ी, स्कूल एवं स्वास्थ्य केंद्रों में पेयजल व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कार्यों का सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पेयजल व्यवस्था हेतु ठोस कार्ययोजना बनाकर सभी तैयारियां पूर्ण करने को कहा। ग्रामीण यांत्रिकी सेवा एवं पीडब्ल्यूडी विभाग को स्वीकृत निर्माण कार्यों में प्रगति लाने के निर्देश दिए गए। खाद्य विभाग की समीक्षा के दौरान धान उठाव, खाद्यान्न भंडारण एवं चावल उत्सव की जानकारी ली।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!