खैरागढ़ । गांव की किसान खबरें
राज्य सरकार की कृषक उन्नति योजना के तहत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश के 24 लाख 28 हजार किसानों के बैंक खातों में 10 हजार करोड़ रुपए की कृषि आदान सहायता राशि एकमुश्त हस्तांतरित की। बिलासपुर जिले के बिल्हा विकासखंड स्थित ग्राम रहंगी में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में रिमोट के माध्यम से राशि जारी की गई। इस दौरान विभिन्न जिलों के लाभार्थी किसानों से वर्चुअल संवाद भी किया गया।
खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में धान विक्रय करने वाले खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के 66 हजार 281 किसानों को कुल 273 करोड़ 8 लाख 42 हजार रुपए की अंतर राशि उनके बैंक खातों में सीधे जमा हुई। जिले के किसानों ने इस विपणन वर्ष में 3 लाख 75 हजार 755 क्विंटल धान का उपार्जन किया था।
जिले में कलेक्टर श्री इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के मार्गदर्शन में विकासखंड स्तर पर कार्यक्रम का सीधा प्रसारण लाल दिलीप सिंह मंगल भवन खैरागढ़ तथा जनपद पंचायत छुईखदान में किया गया। समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रियंका खम्मन ताम्रकार, उपाध्यक्ष श्री विक्रांत सिंह, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती अरुणा बनाफर, श्री ललित चोपड़ा एवं पूर्व जिला पंचायत सभापति श्री घम्मन साहू, सांसद प्रतिनिधि श्री खम्मन ताम्रकार सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
उपस्थित अतिथियों ने किसानों को संबोधित करते हुए राज्य सरकार द्वारा दी जा रही आर्थिक सहायता को किसानों के हित में महत्वपूर्ण कदम बताया तथा मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और राज्य सरकार के प्रयासों से किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।
कार्यक्रम में किसानों को धान के साथ-साथ दलहन, तिलहन, उतेरा फसल, पशुपालन, मुर्गीपालन और बकरीपालन जैसे वैकल्पिक आय स्रोतों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया, जिससे वे आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बन सकें।
इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रेम कुमार पटेल, उपसंचालक कृषि श्री राजकुमार सोलंकी सहित कृषि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।