किसानों को मिल रही नवीन कृषि तकनीक की जानकारी, 'विकसित कृषि संकल्प अभियान' जारी

Hemkumar Banjare
By -

खैरागढ़। गांव की किसान खबरें 
खरीफ की बुवाई से पहले किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक और उन्नत बीजों की जानकारी देने के उद्देश्य से "विकसित कृषि संकल्प अभियान" 29 मई 2025 से जिले में जोर-शोर से जारी है। कृषि वैज्ञानिक और विभागीय अधिकारी गांवों में शिविर लगाकर किसानों को नई तकनीकों और प्रदर्शनों के माध्यम से महत्वपूर्ण कृषि जानकारी दे रहे हैं। साथ ही, उन्हें विभिन्न विभागीय योजनाओं का लाभ भी पहुंचाया जा रहा है।

अभियान के तहत, तीन दल प्रतिदिन छह ग्राम पंचायतों का दौरा कर किसानों के साथ कृषि संबंधी मुद्दों पर गहन चर्चा कर रहे हैं। आठवें दिन, विकासखंड छुईखदान के ढाबा, खौडा और विकासखंड खैरागढ़ के सलौनी, रेगाकठेरा, मुहडबरी एवं गुमानपुर गांवों में किसानों को धान की उन्नत खेती, दलहन-तिलहन फसलों की बेहतर विधियों, मृदा परीक्षण, जैविक खेती, जैविक कीटनाशक बनाने के तरीके और अन्य कृषि समसामयिक विषयों से अवगत कराया गया।

इस वर्ष डी.ए.पी. उर्वरक की संभावित कमी को देखते हुए, किसानों को 12:32:16, एस.एस.पी. और 20:20:0:13 जैसे वैकल्पिक उर्वरकों के उपयोग की सलाह दी जा रही है। उद्यानिकी विभाग द्वारा केला, पपीता, आम, अमरूद और सब्जी वर्गीय फसलों से आय बढ़ाने के तरीकों की जानकारी दी जा रही है।

पशुपालन विभाग द्वारा पशुओं के टीकाकरण और कृत्रिम गर्भाधान के लाभों से किसानों को अवगत कराया जा रहा है, जबकि मछली पालन विभाग तालाबों से मछली उत्पादन कर अतिरिक्त आय प्राप्त करने और केज कल्चर जैसी नवीन तकनीकों की जानकारी दे रहा है।

अभियान के दौरान गांवों में कृषि प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं, जिसमें विजेता किसानों को पुरस्कृत किया जा रहा है। कृषि रथ गांवों में भ्रमण कर विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्रसारित कर रहा है। ग्राम मंदराकुही में ड्रोन दीदी द्वारा कृषि ड्रोन का प्रदर्शन कर खेती में इसकी उपयोगिता बताई गई। यह अभियान 13 जून तक जिले की चयनित ग्राम पंचायतों में जारी रहेगा, जहाँ कृषि वैज्ञानिक और विभागीय दल किसानों से चर्चा-परिचर्चा करेंगे।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!