'लगान' में यशपाल शर्मा को आमिर खान के 'भुवन' से ज्यादा पसंद था लाखा का रोल, बताया

Hemkumar Banjare
By -
बॉलीवुड एक्टर यशपाल शर्मा को आपने तमाम किरदारों में देखा। लेकिन फिल्म 'लगान' में लाखा के रोल से आज भी वह जाने जाते हैं। इसी के बारे में एक इंटरव्यू में एक्टर ने खुलासा किया कि कैसे वह अपने रोल को आमिर से बेहतर मानते हैं और इसके लिए उन्हें कितनी फीस मिली थी। आमिर खान की फिल्म 'लगान' ने देशभर में तहलका मचाया। यहां तक कि 2002 में तो ये मूवी ऑस्कर के लिए भी शॉर्टलिस्ट हुई। हालांकि वो बात अलग है कि वह ये अवॉर्ड जीत नहीं पाई। वैसे ये फिल्म अभी भी कई लोगों द्वारा पसंद की जाती है और दोबारा देखी जाती है। इसके सभी किरदार आज भी दर्शक पसंद करते हैं। इसमें लाखा का किरदार निभाने वाले यशपाल शर्मा का एक इंटरव्यू वायरल हो रहा है, जिसमें वह अपने किरदार के बारे में कुछ बता रहे हैं। राजश्री अनप्लग्ड को दिए इंटरव्यू में यशपाल शर्मा, जिन्होंने 'लगान' में लाखा का रोल किया था, ने अने किरदार के बारे में बात की। बताया कि कैसे उन्हें अपना रोल आमिर की भूमिका से बेहतर लगा। एक्टर के मुताबिक, उन्हें फिल्म में लाखा की भूमिका मिली थी और वह इसके बारे में खुशी भी मना रहे थे कि उन्हें ये रोल मिला है। क्योंकि उन्हें ये सबसे अच्छा किरदार लगा था। लाखा बनकर खुश थे यशपाल शर्मा एक्टर ने बताया कि आनिर खान की मुख्य भूमिका की तुलना में लाखा की भूमिका ज्यादा पसंद है। क्योंकि इसमें बहुत सारी विविधताएं थीं। नकारात्मक, सकारात्मक, प्यार, जलन जैसी तमाम तरह की भावनाएं थीं। मुंबई में आमिर खान के घर पर ऑडिशन देने के तुरंत बाद, उन्हें एक मैसेज मिला, जिसमें लिखा था, 'आपको इस रोल के लिए चुना गया है।' एक्टर ने कहा कि आमिर खान के साथ लाखा की भूमिका निभाना उनके लिए बहुत बड़ी बात थी। 20 हजार में भी काम करने को तैयार थे यशपाल फिल्म में अपनी फीस के बारे में बात करते हुए यशपाल ने खुलासा किया कि कैसे उन्होंने इस बारे में आमिर की पूर्व पत्नी रीना दत्ता के साथ बात की। 'मैं पूरे रास्ते सोच रहा था कि मुझे फिल्म के लिए कितनी फीस मांगनी चाहिए। मैं गरीब बैकग्राउंड से आया था लेकिन मैंने खुद से कहा कि एक लाख से कम पर तो सहमत नहीं होना। लेकिन साथ ही ये भी डर था कि कहीं वो किसी और को न ले लें. इसलिए मैंने सोचा कि शायद मुझे 50 हजार रुपये मांग लेने चाहिए। मेरी हालत उस वक्त ऐसी थी कि अगर वो मुझे 20 हजार भी देते तो मैं तब भी वो रोल कर लेता।' 'लगान' में यशपाल शर्मा की फीस यशपाल ने आगे बताया, 'हालांकि जब मैं रीना जी के ऑफिस पहुंचा तो उन्होंने मुझसे कहा कि उनके पास ज्यादा बजट नहीं। और वो सभी को 1.5 लाख रुपये दे रही हैं। मैंने कहा, नहीं मैडम.. कम से कम आपको 2 लाख रुपये देने चाहिए। मुझे नहीं पता था कि उस पल क्या हुआ और वह मान गईं और मैंने कॉन्ट्रैक्ट पर साइन कर दिए। बाद में मैं सोच रहा था कि अगर मैंने 5-10 लाख रुपये मांगे होते तो भी वह शायद मान जातीं।'

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!