लोकभवन में आयोजित स्थापना दिवस पर विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने दी बिहू नृत्य की प्रस्तुति

Unknown
खैरागढ़। गांव की किसान खबरें 
खैरागढ़. लोकभवन रायपुर में असम, मणिपुर, मेघालय, त्रिपुरा व उत्तरप्रदेश के स्थापना दिवस पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में इन्दिरा कला संगीत विश्वविद्यालय खैरागढ़ के विद्यार्थियों ने असम के लोकनृत्य बिहू की शानदार प्रस्तुति दी। उक्त आयोजन में सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति हेतु माननीय कुलपति महोदया प्रो.(डॉ.) लवली शर्मा के आदेशानुसार कथक, ओडिसी एवं लोक संगीत विभाग के विद्यार्थियों को लोकभवन भेजा गया था। विद्यार्थियों के साथ सहायक प्राध्यापक डॉ. शिवाली सिंह, श्री सुशांत दास व  डॉ. अजय पांडेय मौजूद रहे। इस दौरान विद्यार्थियों ने डॉ. शिवाली सिंह के निर्देशन में असम के लोक नृत्य बिहू की मनमोहक एवं शानदार प्रस्तुति दी जिसे उपस्थित दर्शकों ने खूब सराहा। माननीय राज्यपाल एवं कुलाधिपति महोदय श्री रमेन डेका ने लोकभवन में आयोजित 5 राज्यों के स्थापना दिवस समारोह पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि यह पहल केवल सांस्कृतिक आदान-प्रदान नहीं बल्कि भावनात्मक एकीकरण का माध्यम है। केन्द्र सरकार के "एक भारत-श्रेष्ठ भारत" कार्यक्रम के तहत विविधता में एकता की भावना को बढ़ावा देने के लिए सभी राज्य एक दूसरे का स्थापना दिवस मनाते हैं। इसी कड़ी में आज लोकभवन के छत्तीसगढ़ मण्डपम में इन राज्यों का स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। माननीय कुलपति महोदया ने सभी विद्यार्थियों को बेहतर प्रस्तुति के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी।