खैरागढ़ । गांव की किसान खबरें
राज्य शासन की जनकल्याणकारी एवं जन-हितैषी नीति के अनुरूप सुशासन सप्ताह-2025 के अंतर्गत जिले में “प्रशासन गांव की ओर” अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य शासन की योजनाओं एवं सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा आम नागरिकों की समस्याओं और शिकायतों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करना है। इसी क्रम में आज विकासखंड खैरागढ़ के ग्राम पंचायत मुढ़ीपार में प्रशासन गांव की ओर अभियान अंतर्गत जिला स्तरीय शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में सभापति जिला पंचायत श्रीमती अरुणा बनाफर राजू सिंह, श्रीमती डिलेश्वर श्याम सुंदर साहू, श्री दिनेश वर्मा, श्री लखन साहू उपाध्यक्ष जनपद पंचायत खैरागढ़, श्री नरोत्तम सिन्हा सोसायटी अध्यक्ष, श्री पुरुषोत्तम साहू सभापति जनपद पंचायत खैरागढ़, जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि श्री शैलेन्द्र त्रिपाठी, वरिष्ठ नागरिक श्री शशांक ताम्रकार, समाजसेवी श्री गोरेलाल वर्मा एवं श्री गौतम चंद जैन, सरपंच ग्राम मुढ़ीपार श्री कुमेश साहू, उपसरपंच श्री उत्तम पटेल, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हिमांशु गुप्ता, विकास विस्तार अधिकारी श्री सतीश देशलहरे सहित जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों ने अपने संबोधन में कहा कि जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इस शिविर के माध्यम से सभी जिला स्तरीय विभाग एक ही स्थान पर उपलब्ध हैं, जिससे ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी एवं सेवाओं का लाभ सरलता से मिल रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से विभागीय स्टॉलों का भ्रमण कर पात्रतानुसार योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।
शिविर में पंचायत एवं ग्रामीण विकास, महिला एवं बाल विकास, श्रम, राजस्व, स्वास्थ्य, कृषि, शिक्षा, खाद्य, विद्युत, लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, हथकरघा, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, मछली पालन सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। इस दौरान जनसामान्य से संबंधित 200 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 120 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत 02 हितग्राहियों का गृह प्रवेश कराया गया तथा 04 हितग्राहियों को आवास की चाबी प्रदान की गई। वहीं महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 03 हितग्राहियों को सुपोषण टोकरी एवं श्रम विभाग द्वारा 04 हितग्राहियों को श्रम कार्ड वितरित किए गए। योजनाओं से लाभांवित हितग्राहियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि शासन की इन पहल से उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।
उल्लेखनीय है कि सुशासन सप्ताह-2025 के अंतर्गत जिले में आयोजित किए जा रहे प्रशासन गांव की ओर शिविरों के माध्यम से शासन-प्रशासन सीधे आम जनता से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का समाधान कर रहा है। इसी कड़ी में 23 दिसंबर 2025 को विकासखंड खैरागढ़ के ग्राम पंचायत विक्रमपुर एवं अतरिया तथा विकासखंड छुईखदान के ग्राम पंचायत साल्हेवारा में पूर्वान्ह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक शिविर आयोजित किए जाएंगे, जहां विभिन्न विभागों द्वारा शिकायत निराकरण, आवेदन प्राप्ति एवं आवश्यकतानुसार ऑनलाइन पंजीयन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
