खैरागढ़। गांव की किसान खबरें
कलेक्टर श्री इन्द्रजीत सिंह चंद्रवाल की अध्यक्षता में "मोर गांव मोर पानी महाभियान" के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक संबंधित विभागो अधिकारी उपस्थिति रहे । बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी दिनों में संगम योजना के तहत जल संरक्षण एवं संवर्धन के लिए समन्वित प्रयास सुनिश्चित करना था।
कलेक्टर ने सभी विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर जल स्रोतों के संरक्षण, वर्षा जल संचयन, परंपरागत जल संरचनाओं के पुनर्जीवन तथा जनभागीदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही आगामी 05 जून को मनाए जाने वाले विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर व्यापक रूप से वृक्षारोपण करने और पर्यावरण संरक्षण हेतु आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
*राज्यपाल महोदय के गोद ग्राम सोनपुरी पर विशेष ध्यान*
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि माननीय राज्यपाल महोदय द्वारा गोद लिए गए ग्राम सोनपुरी में शासन की समस्त महत्वपूर्ण योजनाओं का पूर्ण संतृप्तिकरण किया जाएगा। इसके अंतर्गत गाँव में सरोवर निर्माण, वृक्षारोपण, तथा स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत तालाबों की सफाई का कार्य प्राथमिकता से किया जाएगा। इस कार्य के लिए जनपद पंचायत सीईओ, खैरागढ़ को निर्देशित किया गया है।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने जल संरक्षण से जुड़ी गतिविधियों पर अपनी योजनाएं प्रस्तुत कीं और एक साझा कार्य योजना बनाने पर सहमति बनी।
इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रेम कुमार पटेल, एसडीएम छुईखदान श्री अविनाश ठाकुर, जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता श्री वीरेंद्र कुमार मरकाम, उप संचालक कृषि श्री राजकुमार सोलंकी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
