खैरागढ़ । गांव की किसान खबरें
कलेक्टर श्री चंद्रकांत वर्मा ने आज खैरागढ़ स्थित विज्ञान भवन में सभी स्कूल प्राचार्यो की शाला प्रवेश से पूर्व विभागीय कार्यकलापों को सुदृढ़ करने हेतु समीक्षा बैठक ली। उन्होंने कहा की नये सत्र में विद्यालय, संकुल एवं जिला स्तरीय शालाओं में प्रवेश उत्सव मनाया जाना है। जिसके लिए उन्होंने सम्पूर्ण तैयारी पहले से करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री वर्मा ने सभी प्राचार्यो को निर्देशित करते हुए कहा की विद्यालय खुलने से पूर्व शाला भवन की साफ-सफाई, फर्नीचर, बिजली, पानी इत्यादि की समुचित व्यवस्था हो। उन्होंने शिक्षा गुणवत्ता पर चर्चा करते हुए सत्र 2024-25 में हाई स्कूल हायर सेकेण्डरी सर्टीफिकेट परीक्षा के शत्-प्रतिशत परीक्षा परिणाम लाने हेतु तैयारी करने संबंधी निर्देश दिए, इसके अलावा उन्होंने छात्रों के शत् प्रतिशत विद्यालय प्रवेश संबंधी जानकारी ले कर आवशय निर्देश दिए। उन्होंने आर.टी.ई. अन्तर्गत सत्र 2019-20 से 2023-24 तक प्रवेशित, ड्राप आउट एवं शासन से शुल्क प्रतिपूर्ति की जानकारी ली । उन्होंने कहा की जिले में शाला प्रवेश उत्सव अंतर्गत न्यौता भोज का भी आयोजन किया जाना है इसकी तैयारी सभी पहले से करना सुनिश्चित कर ले। इस दौरान कलेक्टर श्री वर्मा ने कहा की शिक्षक अपनी जिम्मेदारियों को समझे। उन्होंने कहा की शिक्षकों का लक्ष्य होता है अपने छात्रों को अच्छे मानव बनाना, जो समाज में उनके भविष्य के लिए एक उच्च स्थान प्राप्त कर सकें। शिक्षकों को उन्हें न केवल अधिक ज्ञान प्रदान करने में मदद करनी चाहिए, बल्कि उन्हें उनके व्यक्तिगत विकास के लिए भी तैयार करना चाहिए। उन्होंने कहा की शिक्षकों की महत्ता समाज के लिए अनमोल है। वे बच्चों के भविष्य को आकार देते हैं और समाज को उन बच्चों के द्वारा विकासित भी करते है।
उन्होंने कहा की शिक्षकों की भूमिका न केवल अध्यापन में होती है, बल्कि वे विद्यार्थियों के मानसिक, भावनात्मक, शारीरिक और सामाजिक विकास में भी भूमिका निभाते हैं। इस दौरान उन्होंने अपने विद्यार्थी जीवन के अनुभवों को भी बताते हुए वर्तमान समय तक के सफर को सरल ढंग से साझा किया।
इस दौरान अपर कलेक्टर श्री प्रेम कुमार पटेल ने शिक्षा की गुणवत्ता को बढ़ाने और विद्यालय की साफ सफाई पर ध्यान देने की बात कही। इसके साथ ही अपर कलेक्टर ने अंग्रेजी व जरनल नालेज जैसे विषयों पर ज्यादा जोर डालने की बात भी कही। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी श्री लालजी द्विवेदी, प्रभारी सहायक संचालक श्रीमती डॉ. रश्मि खरे, प्रभारी जिला सहायक क्रीड़ा अधिकारी श्री कन्हैया पटेल व खैरागढ़ और छुईखदान विकासखण्ड के बीईओ, एबीईओ, बीआरसी उपस्थित रहे।
